हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित लाल चंदन लाल सेवा सदन में रविवार को नि:शुल्क मल्टी-स्पेशलिटी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रोगी केयर संस्था के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में हृदय रोग, पेट रोग, सर्जरी और न्यूरोपैथी सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
शिविर में डॉ. रोहित कुमार, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. कशिश सचदेवा, डॉ. देवव्रत सांई और डॉ. संजीव बंसल सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं शांति देवी, दलबीर सिंह पवार, उपेंद्र शर्मा, प्रियंका डंडरियाल, पिंकी, मेघा वर्मा और यश मैत्रेय सहित सहयोगियों ने मरीजों के पंजीकरण और परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैंप के दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क ईसीजी और रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस चिकित्सा शिविर में 80 से अधिक मरीजों ने लाभ उठाया, जबकि कुल 82 लोगों ने पंजीकरण कराकर अपनी जांच कराई।
आयोजन में क्षेत्रीय पार्षद महावीर वशिष्ठ और नितिन गुप्ता की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर ऋषभ वशिष्ठ, तरुण शर्मा, गौरव वर्मा, नीरव शिवपुरी, राजेश शर्मा, ईशान झा और सुभाष कपिल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि उनकी संस्था हृदय रोगियों के लिए 24 घंटे सेवाएं प्रदान करती है और मरीजों की समस्याओं का नि:शुल्क समाधान भी उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से मरीजों को विशेष रियायत दी जाती है।
वहीं आयोजकों नितिन गुप्ता और महावीर वशिष्ठ ने बताया कि खड़खड़ी क्षेत्र में आयोजित इस शिविर को लोगों का भरपूर सहयोग और उत्साह मिला। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में यह दूसरा चिकित्सा शिविर है, जिसके लिए चंदन लाल सेवा सदन द्वारा निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *