
हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह आग की चपेट में आ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर बहादराबाद पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के बाद सड़क पर बाधित यातायात को सुचारू कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
मृतक दोनों युवक अलीपुर गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी।
