हरिद्वार / मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में कार लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी हुई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 की शाम 112 पर सूचना मिली कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने रोहित कुमार पुत्र रविन्द्र सिंह निवासी नगला ऐमाद, थाना मंगलौर की नेक्सोन कार (DL8CBL/0846) लूट ली और फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मंगलौर अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वादी की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
भागने के दौरान आरोपियों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का आगे का टायर फट गया। इसके बाद आरोपी लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने मौके से लूटी हुई कार बरामद कर ली और वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर 15 मार्च को उसे मंगलौर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल जिला सोनीपत (हरियाणा) बताया। आरोपी ने बताया कि वह अपने शौक और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करने लगा। वह पहले भी सोनीपत जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कई मुकदमों में जेल जा चुका है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 13 मार्च को वह अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था। हरिद्वार में शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हो गया और उसके साथी वाहन लेकर हरियाणा लौट गए। दोस्तों को दिखाने के लिए कि उसके पास भी वाहन है, उसने रुड़की से किराये पर कार बुक की और गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूट ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी हुई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना मंगलौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक प्रवीण विष्ट, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल अमित शर्मा, कांस्टेबल अरविन्द, सुधीर, विनोद और नरेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *