हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने सम्मोहन और जादू-टोने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार। आरोपी लोगों को पैसे और सोना दोगुना करने का लालच देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पीली धातु के टॉप्स और 9500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी निवासी एक महिला ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे सम्मोहित कर 50 हजार रुपये नकद और कान के कुंडल उतरवा लिए। शिकायत के आधार पर ज्वालापुर पुलिस ने दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के निर्देशन में प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 13 मार्च 2026 को आरोपी जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी थाना विजयनगर, गाजियाबाद को लालपुर-ज्वालापुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा ठगी की वारदात को अंजाम देने हरिद्वार आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। साथ ही हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई किसी को न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *