
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के सराय में पनीर के अवैध स्टोरेज की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतों के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 5 कुंतल पनीर बरामद किया गया। टीम ने बरामद पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
छापेमारी के दौरान स्टोरेज स्थल की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अनियमितता या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
